बीजेपी रथयात्रा-कानून व्यवस्था से जुड़े विषय को राजनीतिक रंग देना ठीक नहीं : सुदीप बंदोपाध्याय

Summary :

सुदीप बंदोपाध्याय ने कहा कि कोई भी व्यक्ति किसी भी राज्य में आ-जा सकता है। ऐसे में अमित शाह भी कहीं भी जा सकते हैं और सरकार पूरा सहयोग देती है।

पश्चिम बंगाल में बीजेपी को रथ यात्रा निकालने की अनुमति देने के हाई कोर्ट के एकल न्यायाधीश के फैसले के बीच तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुदीप बंदोपाध्याय ने शुक्रवार को कहा कि बीजेपी की रैली को अनुमति नहीं देने का राज्य सरकार का निर्णय प्रदेश में अंशाति फैलने संबंधी प्रशासनिक रिपोर्ट पर आधारित है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से जुड़े इस विषय को राजनीतिक रंग देना उचित नहीं है।

लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस के नेता बंदोपाध्याय ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह जितनी भी रैली करना चाहे, कर सकते हैं, इसमें कोई बड़ी बात नहीं है। लेकिन राज्य सरकार के पास खुफिया एवं प्रशासिनक रिपोर्ट आती है और इसके आधार पर कुछ आशंकाएं व्यक्त की गई थी। इतने लम्बे समय तक रथ यात्रा के कारण कानून एवं व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका थी। उन्होंने कहा कि इस विषय को राजनीति रंग देना उचित नहीं है।

पश्चिम बंगाल एक शांतिप्रिय राज्य है और राज्य में अशांति फैलाने की कोई कोशिश नहीं होनी चाहिए। सुदीप बंदोपाध्याय ने कहा कि कोई भी व्यक्ति किसी भी राज्य में आ-जा सकता है। ऐसे में अमित शाह भी कहीं भी जा सकते हैं और सरकार पूरा सहयोग देती है। लेकिन इससे जुड़े कुछ प्रशासनिक पहलु भी होते हैं। कोई भी सरकार तभी ऐसा कोई कदम उठाती है जब प्रशासनिक रिपोर्ट अलग होती है। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने इस मामले में खंडपीठ में अपील की है।

उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य में भाजपा के रथ यात्रा कार्यक्रम की इजाजत देने वाले कलकत्ता हाई कोर्ट की एकल पीठ के आदेश को शुक्रवार को खंडपीठ में चुनौती दी। खंडपीठ का दरवाजा खटखटाते हुए राज्य सरकार ने इस पर तत्काल सुनवाई का अनुरोध किया। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह का उत्तर बंगाल के कूच बिहार से इस यात्रा को सात दिसंबर को हरी झंडी दिखाने का कार्यक्रम था।

Desk Team