बीजेपी विकास को प्रतिबद्ध, राष्ट्रवाद एवं विकास एक दूसरे के पूरक : भूपेन्द्र यादव

Summary :

गौरतलब है कि कांग्रेस सहित विपक्षी दल बीजेपी नीत सरकार पर चुनाव में बालाकोट, अनुच्छेद 370 जैसे मुद्दों को उठाकर बेरोजगारी एवं स्थानीय मुद्दे से ध्यान बांटने का आरोप लगाते रहे हैं।

विधानसभा चुनाव में विकास एवं स्थानीय मुद्दों को नजरंदाज करने के विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए बीजेपी महासचिव भूपेन्द्र यादव ने कहा कि सरकार विकास के एजेंडे पर काम कर रही है और उनकी पार्टी राष्ट्रवाद एवं विकास को एक दूसरे का पूरक मानती है। भूपेन्द्र यादव ने कहा, ‘‘विपक्ष के आरोपों को जनता ने पिछले लोकसभा चुनाव में खारिज कर दिया था और इन विधानसभा चुनाव में भी नकार देगी।’’ 
उन्होंने कहा, ‘‘हम राष्ट्रवाद और विकास को अलग अलग नहीं मानते। ये दोनों एक दूसरे के पूरक हैं।’’ गौरतलब है कि कांग्रेस सहित विपक्षी दल बीजेपी नीत सरकार पर चुनाव में बालाकोट, अनुच्छेद 370 जैसे मुद्दों को उठाकर बेरोजगारी एवं स्थानीय मुद्दे से ध्यान बांटने का आरोप लगाते रहे हैं। 
महाराष्ट्र में बीजेपी-शिवसेना गठबंधन की संभावना के संबंध में बीजेपी नेता ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि महाराष्ट्र की जनता बीजेपी-शिवसेना गठबंधन को पूरा समर्थन देगी और वह तीन चौथाई सीटों पर जीत हासिल कर सकेगी। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षो में प्रदेश में बीजेपी ने स्थायी सरकार देते हुए राज्य के विकास के साथ सभी वर्गो के विकास के लिये बेहतरीन काम किया है। 
गौरतलब है कि महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों में से बीजेपी 150 और शिवसेना 124 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि छोटे सहयोगी दलों के लिए 14 सीटें छोड़ी गई हैं । 2014 के विधानसभा चुनाव दोनों दलों ने अलग-अलग लड़ा था। 
2014 में बीजेपी को 122 जबकि शिवसेना को 63 सीटें मिलीं। पूर्ण बहुमत से 20 सीट दूर रहने की वजह से बीजेपी ने शिवसेना की मदद से सरकार बनाई। महाराष्ट्र में बीजेपी के नेतृत्व वाली राजग गठबंधन में बीजेपी, शिवसेना, आरपीआई (ए), आरएसपी और रैयत क्रांति पार्टी जैसे दल शामिल हैं। 

Desk Team