भाजपा के खिलाफ कांग्रेस में उबाल

Summary :

एस्लेहाल चौक पर प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन की तरफ रुख कर दिया था। इससे दोनों पक्षों में धक्का मुक्की, मारपीट हुई।

देहरादून : कांग्रेस मुख्यालय में भाजपाइयों की ओर से किए गए हंगामे और बैनर-पोस्टर फाड़ने की घटना के बाद से कांग्रेस आक्रमक हो गई। विरोध में प्रदेशभर में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन कर भाजपा के पुतले दहन किए। राफेल मामले को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ जुलूस निकाल रहे भाजपा कार्यकर्ताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच बुधवार को टकराव हो गया था।

एस्लेहाल चौक पर प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन की तरफ रुख कर दिया था। इससे दोनों पक्षों में धक्का मुक्की, मारपीट हुई। वहीं, कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा के लोगों ने बैनर तक फाड़ डाले।

पूरे घटनाक्रम को लेकर पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेस भवन से आज कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकला। यह जुलूस घंटाघर पहुंचा और वहां जोरदार प्रदर्शन किया।

मामले में सुप्रीम कोर्ट तक लड़ेंगे
इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा की हरकत सहन करने लायक नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने भाजपा को संरक्षण देते हुए कांग्रेस भवन में घुसपैठ कराई है। कहा कि इस मामले में वह सुप्रीम कोर्ट तक भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे।

भाजपा सत्ता के नशे में मदमस्त
उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस को कतई भी कमजोर ना समझे। जरूरत पड़ने पर जन आंदोलन करेगी। प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का मुख्यालय में घुसपैठ की खबर पुलिस मुख्यालय को तक नहीं थी। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि भाजपा पूरी तरह से सत्ता के नशे में मदमस्त है। कानून व्यवस्था पूरी तरह से लड़खड़ा रखी है।

कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्का-मुक्की
इस मौके पर किशोर उपाध्याय, महानगर अध्यक्ष लाल चंद शर्मा, सूर्यकांत धस्माना, राजकुमार समेत अन्य मौजूद रहे। घंटाघर में प्रदर्शन करने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता एस्लेहाल चौक पहुंचे और भाजपा का पुतला जलाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सचिवालय की तरफ रुख करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग पर उन्हें रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं से पुलिस से धक्का मुक्की भी हुई।

– सुनील तलवाड़

Desk Team