भाजपा नेता प्रवीण दारेकर ने शनिवार को आरोप लगाया कि शिवसेना नीत महाराष्ट्र सरकार कोरोना वायरस को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त स्वास्थ्य अवंसरचना मुहैया कराने में नाकाम रही है। विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष दारेकर ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे राज्य सरकार की नाकामियों को छिपाने के लिए भाजपा पर इस मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगा रहे हैं।
भिवंडी में पत्रकारों से उन्होंने कहा, ‘‘ अस्पतालों में वेंटिलेटर और ऑक्सीजन की कमी है जबकि सरकार बिस्तरों की संख्या बढ़ा रही है। अपर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं राज्य में बड़ी चिंता है जहां पर कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है।’’ दारेकर ने कहा, ‘‘डॉक्टर, नर्स और स्वास्थ्य कर्मी अस्पताल में उपलब्ध नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में समन्वय की कमी है। दारेकर ने राज्य सरकार पर विपक्ष को भरोसे में नहीं लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, ‘‘ इस मुश्किल समय में हम राज्य सरकार से सहयोग करने को तैयार हैं।’’ उल्लेखनीय है कि पांच जून तक महाराष्ट्र में कोविड-19 के 80,229 मामले सामने आ चुके हैं जिनमें से 2,849 लोगों की मौत हुई है। किसी राज्य में यह सबसे अधिक संख्या हैं।


Download Android App
Download iOS App



