हरिद्वार, संजय चौहान (पंजाब केसरी) : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला महामंत्री विकास तिवारी ने जिला प्रशासन से कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। बीते दिन सतपाल ने पत्रकार वार्ता कर अपनी जान का खतरा बताया था। बुधवार को प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में विकास तिवारी ने कहा कि भाजपा ने जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र देकर सतपाल ब्रह्मचारी की सुरक्षा बढ़ाए जाने की मांग की है। विकास तिवारी ने कहा कि उन्हें अंदेशा है कि आगामी कुछ दिनों में सतपाल ब्रह्मचारी अपने ऊपर प्रायोजित हमला करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपे गए पत्र में भी इसकी जानकारी दी गई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी द्वेष की भावना से काम कर रहे हैं और चुनाव जीतने के लिए विभिन्न हथकंडे अपना रहे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी के साथ चल रही दर्जनों गाड़ियों में जो सैकड़ों लोग चल रहे हैं वह कौन हैं, उनकी क्या पहचान है? इसकी भी जांच चुनाव आयोग को करनी चाहिए।प्रेस वार्ता में अनिल कुमार, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री हरजीत सिंह, विधानसभा क्षेत्र मीडिया प्रभारी चंद्रशेखर कुर्ल और शिखर पालिवाल उपस्थित रहे। उधर, कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी का कहना है कि शहरवासियों को सब कुछ पता है। उनके बजाय अब शहरवासी इसका मतदान के दिन जवाब देंगे।
नशा मुक्त हरिद्वार का नारा तीर्थनगरी की गरिमा से खिलवाडः विकास तिवारी
कांग्रेस का नशामुक्त हरिद्वार का नारा भाजपा के लिए अब सिरदर्द बनता जा रहा लगता है। यही वजह है कि कुछ घण्टों के अन्तराल में ही भाजपा को दो बार पत्रकारों से वार्ता करना पड़ गया। भाजपा जिला महामंत्री विकास तिवारी ने कांग्रेस प्रत्याशी द्वारा नशामुक्त हरिद्वार बनाने सम्बन्धी नारे को तीर्थनगरी की गरिमा से खिलवाड़ करार देते हुए कहा कि सतपाल ब्रहमचारी को इस नारे के लिए यहां का युवा और व्यापारी माफ नहीं करेगा। उन्होंने इस कृत्य के लिए सतपाल ब्रहमचारी को अपराधी करार देने में भी कोताही नहीं बरती। विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव प्रचार जोरों पर है।
चुनाव प्रचार अब प्रत्याशियों के व्यक्तिगत स्तर पर आरोप-प्रत्यारोप पर उतर आया है। दो दिन पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी द्वारा भाजपा प्रत्याशी द्वारा अपने ऊपर जानलेवा हमला कराये जाने की आशंका के बाद भाजपा की ओर से महामंत्री विकास तिवारी ने इसे कांग्रेस प्रत्याशी की बौखलाहट करार दिया और आज बुधवार को भाजपा प्रत्याशी मदन कौशिक के मुख्य चुनाव अभिकर्त्ता एवं जिला भाजपा महामंत्री विकास तिवारी एक फिर से पत्रकारों से वार्ता करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी पर जमकर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सतपाल ब्रहमचारी स्वयं के लोगों द्वारा अपने ऊपर हमला करवा सकते हैं।
जिससे कि आरोप भाजपा प्रत्याशी पर लगे और उन्हें सहानुभूति मिल सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी द्वारा नशा मुक्त हरिद्वार की बात उछाल कर जो अपराध किया गया है, वह अक्षम्य है और जनता चुनाव में इसका माकूल जबाव देगी। इस सम्बन्घ में भाजपा प्रतिनिधिमण्डल ने जिला निर्वाचन अधिकारी से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा है।
भाजपा के जिला महामंत्री पत्रकारों से वार्ता करते हुए। (छाया : पंजाब केसरी)


Download Android App
Download iOS App



