पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले से पांच बांग्लादेशी नागरिकों को अवैध तरीके से भारत में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) अधिकारियों ने बुधवार को एक बयान में बताया कि एक गश्ती दल ने मंगलवार रात जिले के घोजाडांगा और तराली क्षेत्र से दो अलग-अलग घटनाओं में पांच बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया।
बीएसएफ सूत्रों ने बताया ‘‘शुरुआती पूछताछ में इन अवैध घुसपैठियों ने बताया है कि वे बांग्लादेशी दलालों की मदद से भारत में आए थे।’’
बयान में बताया गया है कि गिरफ्तार व्यक्तियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित थानों को सौंप दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में मंगलवार रात जिले के राजनगर और घोजाडांगा इलाके से बांग्लादेश से अवैध रूप से देश में घुसने की कोशिश करते हुए चार भारतीयों को गिरफ्तार किया गया।
2019 में अब तक दक्षिण बंगाल सीमा पर तैनात बीएसएफ कर्मियों ने अवैध रूप से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने की कोशिश करने के आरोप में 278 भारतीय और 1,214 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है।


Download Android App
Download iOS App



