कोच्चि : अबु धाबी से आए एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान में सवार 100 से अधिक लोग उस समय बाल बाल बच गए जब यहां कोच्चि हवाईअड्डे पर पहुंचने के बाद बोइंग विमान भारी बारिश से हुई फिसलन के चलते टैक्सीवे पर अचानक घूम गया। एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक प्रवक्ता ने बताया कि विमान में सवार 102 यात्री और चालक दल से छह सदस्य दरवाजे से निकलकर सामान्य सीढ़ी के जरिए बाहर आए और इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, “कल देर रात दो बजकर 40 मिनट पर भारी बारिश के दौरान कोच्चि में ट्रैक्सीवे से बे में प्रवेश करते समय हमारा बोइंग 737-800 विमान ट्रैक्सीवे पर फिसल गया।” उन्होंने बताया कि अबु धाबी-कोच्चि एयर इंडिया एक्सप्रेस 452 के पहिए अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा टर्मिनल के सामने टैक्सीवे के एक ओर बारिश के पानी की निकासी वाली जगह पर फंस गए।
विमानन कंपनी के एक सूत्र ने बताया कि विमान के टैक्सीवे पर अचानक फिसलने के बाद विमान का आगे का पहिया (नोज व्हील) भी टूट गया। दुबई से आया एयर इंडिया का एक यात्री विमान जुलाई में भी मेंगलोर हवाईअड्डे पर रनवे से फिसल गया है। उस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ था। एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान के मई 2010 में मेंगलोर हवाईअड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से 152 लोगों की मौत हो गई थी।


Download Android App
Download iOS App



