विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के विभाग सह मंत्री युवराज सिंह चौहान (37) की बुधवार को यहां गीता भवन इलाके में तीन अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। मंदसौर जिले के पुलिस अधीक्षक हितेश चौधरी ने बताया, ‘‘आज सुबह युवराज सिंह चौहान की तीन अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी।’’
उन्होंने कहा कि एक मोटरसाइकिल पर तीन बदमाश बैठकर आए और युवराज सिंह को तीन गोली मारकर भाग गये। ये गोलियां उनके सीने और पीठ पर लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना उस वक्त हुई, जब वह गीता भवन इलाके में स्थित एक अंडरब्रिज के पास एक चाय की दुकान पर थे।
चौधरी ने बताया कि वह केबल नेटवर्क का भी संचालन करते थे और प्रारंभिक रूप से केबल व्यवसाय को लेकर विवाद की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 5-6 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इसी बीच, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सह विभाग संचालक (मंदसौर) गुरुचरण बग्गा ने बताया कि युवराज सिंह को इस साल जुलाई में संघ के कार्य से मुक्त कर विहिप के विभाग सह मंत्री का दायित्व दिया गया था।


Download Android App
Download iOS App



