मुंबई : महाराष्ट्र के कई हिस्सों में मतदान के दिन बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग ने आशंका जतायी है कि बारिश सोमवार को मतदान में खलल डाल सकती है। सोमवार को राज्य के लगभग 8.98 करोड़ मतदाता 288 सीटों पर 3,237 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करने वाले हैं।
पश्चिमी महाराष्ट्र में, कोल्हापुर और सतारा में रविवार को आंधी के साथ बारिश आयी, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों जैसे सांगली, नासिक, पुणे, रत्नागिरि और औरंगाबाद में मध्यम तीव्रता की बारिश हुई।
मौसम विभाग ने रविवार को अनुमान जताया कि सोमवार को रायगढ़, रत्नागिरि, सिंधुदुर्ग, पुणे, कोल्हापुर, सतारा, सांगली, सोलापुर, बीड और उस्मानाबाद जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बिजली कड़कने और आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की आशंका है।’’ कुछ अन्य जिलों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि उत्तर महाराष्ट्र, विदर्भ और मराठवाड़ा में सोमवार को बारिश होने की संभावना नहीं है।
मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा।
भारतीय मौसम विभाग के मुंबई क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, रविवार को सुबह 8:30 बजे तक समाप्त हुए पिछले 24 घंटे की अवधि के दौरान कोल्हापुर में 46 मिलीमीटर, सतारा में 89 मिमी, परभणी में 96 मिमी और पुणे में 38 मिमी बारिश हुई। एक वरिष्ठ चुनाव अधिकारी ने कहा, ‘‘हम स्थिति पर नजदीकी नजर रखे हुए हैं और उम्मीद करते हैं कि मतदाताओं को सोमवार को खराब मौसम का सामना न करना पड़े।’’


Download Android App
Download iOS App



