हैदराबाद: तेलंगाना के महबूबनगर जिले में आज एक पति-पत्नी और उनकी 21 साल की बेटी ने कथित तौर पर खुदकुशी कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि ऐसा शक है कि महबूबनगर के नवाबपेट इलाके में रहने वाले इस परिवार ने यह कदम आर्थिक तंगी की वजह से उठाया। पुलिस उप निरीक्षक प्रवीण कुमार ने फोन पर बताया कि लक्ष्मी नारायण (50) उनकी पत्नी अलीवेलु (45) और पुत्री सुप्रजा ने कथित तौर पर नवाबपेट कस्बे के बाहरी इलाके में सड़क के किनारे कथित तौर पर कीटनाशक पीकर जान दे दी।
प्रारंभिक जांच के आधार पर उप निरीक्षक ने बताया, ‘परिवार आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहा था और उन्होंने कुछ उधार भी लिया था। दंपति अपनी बेटी की शादी की तैयारी कर रहा था।” उन्होंने कहा कि तीनों मंदिर गये थे और वहां से लौटते समय संभवत: तीनों ने कीटनाशक पी लिया। उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में एक मामला दर्ज किया गया है।
-भाषा


Download Android App
Download iOS App



