राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अध्यक्ष शरद पवार ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी पर हमला करते हुए कहा कि उनका आचरण भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की “निम्न स्तर की राजनीति” को दर्शाता है। सभी दलों के विधायकों द्वारा नारेबाजी के बीच 3 मार्च को राज्य के बजट सत्र के शुरुआती दिन कोश्यारी द्वारा अपना भाषण पूरा किए बिना विधान भवन से बाहर निकलने के बाद शरद पवार ने यह बयान दिया है। इसके बाद से सत्तारूढ़ महाराष्ट्र विकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन और विपक्षी भाजपा के बीच तनातनी काफी बढ़ गई है।
प्रदानमंत्री और राष्ट्रपति से पावा ने कही ये बात
वरिष्ठ नेता शरद पवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से राज्यपाल के आचरण को देखने के लिए कहा। पवार ने कहा कि “मैंने महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में प्रकाश और पीसी अलेक्जेंडर जैसे महान लोगों को देखा है और उस सूची में वर्तमान राज्यपाल (कोश्यारी) का नाम जोड़ा जा रहा है। वह (भाजपा के नेतृत्व वाली) केंद्र सरकार के निचले स्तर (राजनीति) के उदाहरणों में से एक हैं।”
राज्यपाल को नहीं है अपने पद की गरिमा का सम्मान
शरद पवार ने आगे यह भी कहा कि “कई मौकों पर, उन्होंने राज्य सरकार के लोकतांत्रिक अधिकारों का पालन करने से इनकार कर दिया है। पिछले एक साल से उन्होंने 12 एमएलसी की नियुक्ति नहीं की है, जिसकी सिफारिश करना राज्य सरकार का अधिकार है। अगर किसी ने यह ठान लिया है कि वह किसी पद की गरिमा को बरकरार नहीं रखेगा तो बेहतर होगा कि उस व्यक्ति के बारे में कोई टिप्पणी न की जाए।”
संजय राउत ने लगाया यह आरोप
शिवसेना ने केंद्र द्वारा राज्यपाल कोश्यारी को वापस बुलाने की मांग की, वहीं शिवसेना के पार्टी सांसद और प्रवक्ता संजय राउत ने कोश्यारी पर राज्यपाल की तुलना में “भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष की तरह अधिक” व्यवहार करने का आरोप लगाया। राज्यसभा सदस्य राउत ने कहा, “ऐसे राजनीतिक पदाधिकारियों के कारण देश में लोकतंत्र और स्वतंत्रता खतरे में है जो संवैधानिक पदों पर काबिज हैं।”
देवेंद्र फडणवीस ने MVA को बनाया निशाना
इस बीच, वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि कुछ एमवीए नेताओं द्वारा कोश्यारी को निशाना बनाया जा रहा था क्योंकि राज्यपाल राज्य सरकार को कानून और संशोधनों में कमियों की याद दिला रहे थे। फडणवीस ने कहा कि राज्यपाल संविधान के अनुसार काम कर रहे हैं जबकि राज्य सरकार नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि “राज्य सरकार द्वारा बनाए जा रहे संशोधन और कानून संविधान के अनुरूप नहीं हैं। राज्यपाल जब इस ओर इशारा करते हैं तो उन्हें निशाना बनाया जाता है, यह बिल्कुल गलत है।”
BJP कर रही राज्यपाल का बचाव
इस मामले में भाजपा विधायक अतुल भाटखलकर ने कहा कि “राज्यपाल को निशाना बनाने के बजाय, पवार, ठाकरे और राउत को राज्य के अस्त-व्यस्त मामलों को देखना चाहिए। बिजली का कनेक्शन कटने से किसान परेशान हैं और एक किसान की आत्महत्या से मौत हो गई है। उन्हें राजनीति करने के बजाय इन मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। उन्हें राज्यपाल को वापस बुलाने की मांग करने का कोई अधिकार नहीं है… वे सरकार की विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए नकली आख्यान बना रहे हैं।”


Download Android App
Download iOS App



