महाराष्ट्र में बोले शाह-पहले के प्रधानमंत्रियों ने ‘‘56 इंच के सीने वाले व्यक्ति’’ जैसा साहस नहीं दिखाया

Summary :

अमित शाह ने कहा, कई सरकारें आई और गई, कई प्रधानमंत्री आए और गए। किसी ने अनुच्छेद 370 को हटाए जाने का साहस नहीं दिखाया था।

अनुच्छेद 370 के ज्यादातर प्रावधानों को हटाए जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि पिछली सरकारों ने जम्मू-कश्मीर को भारत की मुख्यधारा से जोड़ने में ‘‘56 इंच के सीने वाले व्यक्ति’’ जैसा साहस कभी नहीं दिखाया। 
महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कोल्हापुर जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि लोगों को कांग्रेस और राकांपा के नेताओं से यह पूछना चाहिए कि क्या वे जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 के ज्यादातर प्रावधानों को हटाए जाने संबंधी राजग सरकार के निर्णय का समर्थन करते हैं। 

राफेल पर बोले राजनाथ सिंह-कांग्रेस बिना सोचे विचारे कर रही आलोचना, इससे PAK को मिलती है ताकत

अमित शाह ने कहा, ‘‘कई सरकारें आई और गई, कई प्रधानमंत्री आए और गए। किसी ने अनुच्छेद 370 को हटाए जाने का साहस नहीं दिखाया था। लेकिन, 56 इंच के सीने वाले व्यक्ति ने इसे एक बार में ही खत्म कर दिया।’’ उन्होंने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 लागू किए जाने के लिए विपक्षी पार्टी कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। 
अमित शाह ने कहा, ‘‘(लेकिन) सत्ता में आने के बाद (इस वर्ष दूसरे कार्यकाल के लिए) मोदी जी ने कुछ ऐसा किया जिसका देश 70 सालों से इंतजार कर रहा था। उन्होंने पांच अगस्त को अनुच्छेद 370 को निरस्त कर दिया और जम्मू-कश्मीर देश की मुख्यधारा में शामिल हो गया। 

PM मोदी की विपक्ष को चुनौती, बोले- अपने मेनिफेस्टो में अनुच्छेद 370 के रद्द प्रावधानों को बहाल करने की करें घोषणा

उन्होंने मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा लिए गए कई अन्य साहसिक निर्णयों को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि इन निर्णयों में ‘तीन तलाक’ की प्रथा पर प्रतिबंध और उरी तथा पुलवामा आतंकवादी हमलों के बाद क्रमश: ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ और ‘एयर स्ट्राइक’ शामिल हैं। 
कोल्हापुर और सांगली में अगस्त में आई बाढ़ को लेकर उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि केन्द्र तथा राज्य सरकार दोनों जिलों को बदल देगी और ‘‘उन्हें और बेहतर तथा सुंदर बनाएगी।’’ अमित शाह ने भाजपा के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार के जल संरक्षण कार्यक्रम ‘जलयुक्त शिवर’ की सराहना की। 

Desk Team