महाराष्ट्र पुलिस ने कोल्हापुर में कथित रूप से नकदी बांटने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कुछ कार्यकर्ताओं के खिलाफ असंज्ञेय अपराध का मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। हालांकि, स्थानीय भाजपा पदाधिकारी सुनील कदम ने आरोप लगाया कि उन्होंने सोमवार शाम शाहुपुरी इलाके में कोल्हापुर के संरक्षक मंत्री और कांग्रेस नेता सतेज पाटिल के कुछ समर्थकों को नकदी बांटते हुए पकड़ा था।
भाजपा के दो कार्यकर्ता मतदाताओं के बीच नकदी बांटते पाए गए
पाटिल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के इस तरह के कदाचार में शामिल होने के आरोपों का खंडन किया और कहा कि मतदाताओं के बीच नकदी वितरण के जो भी मामले सामने आए हैं, वे भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज हैं। लक्ष्मीपुरी पुलिस थाने के निरीक्षक संतोष जाधव ने कहा कि कोल्हापुर के सुतारवाड़ा इलाके में रविवार को भाजपा के दो कार्यकर्ता कथित तौर पर मतदाताओं के बीच नकदी बांटते पाए गए।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने पार्टी के इन दो कार्यकर्ताओं से 39,530 रुपये नकद बरामद किए हैं और असंज्ञेय अपराध का मामला दर्ज किया गया है।’’ शाहुपुरी थाने के एक अधिकारी ने बताया कि एक अन्य घटना में शाहुपुरी इलाके में भाजपा के एक पूर्व पार्षद के कार्यालय में तीन लोगों के पास से 45,000 रुपये नकद बरामद हुए। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे अधिकार क्षेत्र में एक ऐसा स्थान है जहां भाजपा के एक पूर्व पार्षद का कार्यालय है। हमें सोमवार को उड़न दस्ते से सूचना मिली थी कि झुग्गियों में रहने वाले लोगों को नकदी बांटने के लिए सूची तैयार करने का काम चल रहा है।’’ अधिकारी ने बताया कि पार्षद के खिलाफ असंज्ञेय अपराध का मामला दर्ज किया गया है।
कोल्हापुर उत्तर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 15 उम्मीदवार मैदान में हैं
दिसंबर 2021 में कोविड-19 के कारण मौजूदा कांग्रेस विधायक चंद्रकांत जाधव की मृत्यु के बाद यहां उपचुनाव कराए जाने की आवश्यकता पड़ी। कोल्हापुर उत्तर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए 15 उम्मीदवार मैदान में हैं, और मुख्य मुकाबला राज्य में महा विकास अघाड़ी सरकार के घटक कांग्रेस और विपक्षी भाजपा के बीच होने की संभावना है।
दिवंगत विधायक की पत्नी जयश्री जाधव कांग्रेस की उम्मीदवार हैं, जबकि भाजपा ने सत्यजीत कदम को चुनाव मैदान में उतारा है। जिला प्रशासन के अनुसार, 2.90 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए 357 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। एक जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और पूर्वाह्न 11 बजे तक 20 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ।


Download Android App
Download iOS App



