तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की नेता महुआ मोइत्रा ने तीन विवादास्पद कृषि कानूनों को वापस लिए जाने के केंद्र के फैसले का शुक्रवार को स्वागत किया लेकिन कहा कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तब तक भरोसा नहीं किया जा सकता जब तक कि वह संसद के आगामी सत्र में असल में इन विधेयकों को वापस नहीं ले लेती।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार सुबह घोषणा की कि इस महीने के अंत में शुरू हो रहे संसद के सत्र में तीन कृषि कानूनों को वापस ले लिया जाएगा। संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए टीएमसी से लोकसभा सदस्य ने कहा कि कोई भाजपा पर भरोसा नहीं करता क्योंकि, “वह कहते कुछ हैं और करते कुछ हैं।”
मोइत्रा ने कहा, “कृषि कानूनों को वापस लेने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा देश के किसानों की जीत है…लेकिन जब तक संसद में असल में कृषि कानून निरस्त नहीं कर दिए जाते, तब तक हम कुछ नहीं कह सकते।” उन्होंने याद किया कि कैसे भाजपा के मंत्री इन्हीं कानून का बचाव करते थे जब टीएमसी उन्हें वापस लेने को कहती थी।
मोइत्रा ने कहा कि सरकार को कानूनों को रद्द करने की घोषणा के लिए मजबूर करने के लिए किसानों को डेढ़ साल से अधिक समय तक सड़कों पर विरोध करना पड़ा। उन्होंने साथ ही कहा कि केंद्र सरकार ने यह घोषणा उत्तर प्रदेश में आगामी चुनाव खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 70 सीटों पर निगाह रखते हुए की है।


Download Android App
Download iOS App



