रांची : योग गुरु रामदेव के साथ तस्वीर वायरल होने के बाद सुर्खियों में आई रांची की महिला योग टीचर राफिया नाज की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उसके विरुद्ध कट्टरपंथियों ने फतवा जारी किया है। उसे जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। उनके आवास पर कथित तौर पर कुछ लोगों द्वारा पत्थर फेंकने के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गयी है।
एक टीवी चैनल पर उसका साक्षात्कार दिखाये जाने के बाद कथित तौर पर कुछ लोगों ने उसके घर पर पत्थर फेंके जिसके बाद स्वयं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उसके घर का दौरा कर उससे और उसके परिजनों से मुलाकात की और उसे पूरी सुरक्षा का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और पूछताछ के लिए कुछ लोगों को थाने पर बुलाया भी गया है।
इस बीच, राफिया ने कहा कि अब खतरा कम हो गया है। समाज के विभिन्न वर्गों का साथ मिलना शुरू हो गया है। विभिन्न संगठनों के लोग घर आकर योग सिखाने को प्रोत्साहित कर रहे हैं। किसी भी परिस्थिति में साथ खड़े होने का वादा कर रहे हैं।
बुधवार की रात राफिया के घर पत्थरबाजी के बाद गुरुवार को उसके घर राजनीतिक व सामाजिक संगठनों के लोगों के आना-जाना लगा रहा। पत्थरबाजी के बाद उसके घर व आसपास के इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। असामाजिक तत्वों ने बुधवार देर रात उसके घर दो बार पत्थरबाजी की थी।


Download Android App
Download iOS App



