नैनीताल : रामगढ़ के दरमोली मोटरमार्ग पर बिठौली के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। घायलों को स्थानीय लोग पदमपुरी अस्पताल ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को नाजुक बताते हुए चिकित्सकों ने हल्द्वानी रेफर कर दिया। मृतकों में एक 65 वर्षीय अधेड़ महिला भी शामिल है।
रविवार को वीरेंद्र सिंह उम्र 32 वर्ष पुत्र आनंद सिंह निवासी अनोठी रामगढ़, कांति देवी उम्र 65 पत्नी मनोरथ बहुगुणा निवासी पगराड़ी रामगढ़, लक्ष्मण सिंह पुत्र नाथू सिंह, दिनेश पुत्र पीतांबर पांडे व गोपाल धनखोल पुत्र भवन चंद्र वैगनआर कार से नामकरण संस्कार में शामिल होने पोखरी गांव जा रहे थे। तभी रामगढ़ के दरमोली मोटरमार्ग पर बिठौली के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसा इतना भयानक था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार सवार वीरेंद्र सिंह व कांति देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं लक्ष्मण सिंह, दिनेश सिंह व गोपाल धनखोला बुरी तरह जख्मी हो गए। हादसेे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुेचे और सभी को कार से बाहर निकाला। साथ ही पुलिस को भी घटना की जानकारी दी। पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों की मदद से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पदमपुरी पहुंचाया गया।
जहां चिकित्सकों ने भी कांति देवी व वीरेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य तीन घायलों की हालत गम्भीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हल्द्वानी रेफर कर दिया। मृतकों का पोस्टमार्टम हल्द्वानी कराने के लिए विधायक राम सिंह कैड़ा ने जिलाधिकारी से फोन पर बात की। जिसपर मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी ले जाया गया है।


Download Android App
Download iOS App



