राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने लोकसभा चुनाव को देश के लिए बड़ी लड़ाई बताया और कहा कि यह संघर्ष किसी व्यक्ति और गठबंधन की नही बल्कि संविधान बचाने के लिये है।
तेजस्वी यादव ने आज नवादा शहर के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आइटीआई) मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनके पिता एवं राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने राज्य के गरीब-गुरबा, दलित और पिछड़ो की आवाज बनने के साथ उन्हें जागरूक बनाकर अधिकार दिलाने का काम किया। आज उन लोगों की आवाज और अधिकार को कुचलने का काम केंद्र एवं बिहार की सरकार कर रही है।
रेप आरोपी राजबल्लभ की पत्नी के लिए राबड़ी ने मांगे वोट, कहा-यादवों को बदनाम किया गया
उन्होंने कहा कि लालू यादव के रहते संविधान के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं कर सकता था। लेकिन साजिश के तहत उन्हें जेल भेज दिया गया। नेता प्रतिपक्ष ने किसानों की चर्चा करते हुए कहा कि पूरे देश में उनकी दशा बदहाल है। सभी का पेट भरने वाले किसानों की हालत दिन-प्रतिदिन दयनीय होती जा रही है। केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन की सरकारें किसानों की उन्नति में विफल साबित हो रही है।
तेजस्वी ने कहा कि राज्य में जो हो रहा है, वह चिंताजनक है और आने वाले समय में आम जनता को कई गंभीर समस्याओं से जूझना पड़ेगा। राजद नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के भय से पलट गए हैं। उन्होंने नवादा संसदीय क्षेत्र के राजद उम्मीदवार विभा देवी और नवादा विधानसभा उपचुनाव के हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के उम्मीदवार धीरेन्द्र कुमार सिंह को जिताने की अपील की है।


Download Android App
Download iOS App



