देहरादून : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने रूद्रपुर से भाजपा विधायक द्वारा सम्प्रदाय विशेष पर की गई विवादित आपत्तिजनक टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा की सदैव देश का साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की नीति रही है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार रोज-रोज भाजपा विधायकों द्वारा सम्प्रदाय विशेष को निशाना बनाया जा रहा है उससे भाजपा का सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास मात्र जुमला बनकर रह गया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि जब से भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आसीन हुई है उसकी सरकारों चाहे वह केन्द्र सरकार हो या राज्य की सरकारें हों, विकास का एक भी काम नहीं कर पाई है तथा उसके नेताओं द्वारा सोची समझी साजिश के तहत सम्प्रदाय विशेष के लोगों पर निशाना साध कर आम जनता का ध्यान भटकाया जा रहा है।
प्रीतम सिह ने कहा कि रूद्रपुर के विधायक भाजपा के अकेले विधायक नहीं हैं बल्कि भाजपा के ऐसे विधायकों व नेताओं की एक लम्बी कतार है जो देश का साम्प्रदायिक माहौल खराब करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले ज्वालापुर से भाजपा विधायक द्वारा अल्पसंख्यकों के प्रति जहर उगलने का काम किया गया तथा उत्तर प्रदेश में हो रहे उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी द्वारा भारत माता की जय न बोलने वालों को पाकिस्तानी नागरिक बताकर जनता में जहर घोला गया।


Download Android App
Download iOS App



