बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि शराब की बिक्री पर प्रतिबंध और शराब पीने पर रोक का विरोध करने वाले अगर चाहें तो विपक्ष को वोट दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस नीति ने सड़कों को सुरक्षित बना दिया है और यह गरीबों के लिए मददगार रही है। राजद की अगुवाई वाले गठबंधन का दावा है कि यह नीति बिहार में काम नहीं कर रही है। इसने काले बाजार में शराब उपलब्ध होने की तरफ इशारा किया और कहा कि इसका परिणाम अधिकारियों द्वारा आम लोगों को प्रताड़ित किए जाने के रूप में निकला है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार सरकार द्वारा लागू किया गया प्रतिबंध सफल रहा है। उन्होंने पीटीआई से कहा, ‘‘सड़कों पर पहले शराब के नशे में उपद्रव होता था जो अब दूर हो गया है। शराब के नशे में बदमाशों द्वारा छेड़छाड़ किए जाने के मामले सामने आते थे जो अब नहीं होते हैं।
गरीब लोग अपनी मेहनत की कमाई शराब पर फूंक देते थे जिसकी अब बचत होती है।’’ विपक्ष सहित लोगों के एक तबके द्वारा शराबबंदी की आलोचना किए जाने के बारे में पूछे जाने पर सुशील मोदी ने कहा कि अगर वे चाहें तो भाजपा के प्रतिद्वंद्वियों को वोट दे सकते हैं। काले बाजार में शराब की उपलब्धता के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कानून मौजूद होने के बावजूद कई अपराध होते हैं।


Download Android App
Download iOS App



