देहरादून : जहरीली शराब कांड के विरोध में विपक्ष के तेवर तल्ख होते जा रहे हैं। युवा कांग्रेस ने आबकारी आयुक्त मुख्यालय का घेराव किया और ढोल दमाऊ के साथ विरोध प्रदर्शन किया। वहीं, अन्य संगठनों ने भी इसके खिलाफ प्रदर्शन किया। युका कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जहरीली शराब पीने से छह लोगों की मौत के बाद भी आबकारी विभाग नींद से नहीं जागा है। विभाग को नींद से जगाने के लिए युवा कांग्रेस को ढोल बजाकर प्रदर्शन करना पड़ा।
युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पूरे प्रकरण का मुख्य आरोपित भाजपा नेता अजय सोनकर उर्फ घोंचू है। उसके साथ विभाग के अधिकारी व पुलिस प्रशासन की मिलीभगत होने का अंदेशा प्रतीत होता है। कहा कि आबकारी आयुक्त को यह बात समझनी चाहिए कि जिले में जितने भी आबकारी के इंस्पेक्टर अथवा सुपरवाइजर हैं, इनकी कहीं ना कहीं शराब माफिया के साथ मिलीभगत है। तभी गली मोहल्ले में अवैध शराब धड़ल्ले से बिक रही है। उन्होंने कहा इस पूरे प्रकरण में भाजपा के नेताओं की भी जांच होनी चाहिए।
कहीं ना कहीं सरकार की भी मिलीभगत इसमें नजर आ रही है। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष भूपेंद्र नेगी व प्रदेश मीडिया प्रभारी संदीप चमोली ने कहा कि आने वाले समय में युवा कांग्रेस प्रदेश में जेल भरो आंदोलन व मुख्यमंत्री और विधानसभा घेराव करेगी। इस अवसर पर युकां के प्रदेश सचिव जितेंद्र नेगी, आयुष सिंबल, गौतम सोनकर, विनीत कुमार, गौतम नौटियाल, रोहित, प्रदीप बिष्ट, शिवम ध्यानी, विजय रतूड़ी, पूर्व एनएसयूआइ महासचिव विनीत कुमार, उदित थपलियाल, अंकित बिष्ट, वासु शर्मा, निल नेगी आदि मौजूद रहे।
महिला कांग्रेस ने राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
महानगर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष कमलेश रमन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। इसमें पथरिया पीर में जहरीली शराब पीने से मरने वालों के परिजनों के साथ ही पीड़ितों को 20-20 लाख का मुआवजा दिए जाने की मांग की गई। महिला कांग्रेस ने शहर के बीचोंबीच धड़ल्ले से अवैध शराब सहित नशे का कारोबार फूलने-फलने पर गहरी चिंता जताई।
ज्ञापन सौंपने वालों में महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष लालचंद शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता चंद्रकला नेगी, मीना रावत, अनुराधा तिवाड़ी, उर्मिला थापा, देविका रानी, संतोष जोशी, सुशीला सैनी, कांता क्षेत्री, सरोज शर्मा, रूचिका शर्मा, मधु शर्मा, शशि क्षेत्री, निर्मला देवी, शांति रावत, गायत्री देवी आदि उपस्थित रहे।


Download Android App
Download iOS App



