पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के हेलीकॉप्टर को उतरने की इजाजत नहीं दी गई, जिस वजह से भाजपा को राज्य के मुर्शिदाबाद जिले में चौहान की रैली को स्थगित करना पड़ा। भाजपा राज्य महासचिव सयानतन बसु ने कहा, ‘हमने आज (बुधवार) की रैली रद्द करने का फैसला किया है, क्योंकि हमें मुर्शिदाबाद के बहरामपुर में हेलीकॉप्टर उतारने की इजाजत नहीं दी गई। वह आज खड़गपुर में एक रैली को संबोधित करेंगे।’
भाजपा के उपाध्यक्ष चौहान को बुधवार को मुर्शिदाबाद जिले के बहरामपुर में और पश्चिमी मिदनापुर जिले के खड़गपुर मे रैली को संबोधित करना था। बसु ने कहा, ‘वह केवल खड़गपुर में रैली को संबोधित करेंगे, जहां वह कोलकाता हवाईअड्डे से सड़क मार्ग से जाएंगे।’ उन्होंने कहा, ‘इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और अन्य नेताओं के हेलीकॉप्टर को बंगाल में उतरने की इजाजत नहीं दी गई थी। यह हमारे लिए नया नहीं है। हम अपने तरीके से इससे लड़ेंगे।’


Download Android App
Download iOS App



