अमरावती से निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा को मुंबई पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये जाने के एक दिन बाद रविवार को शिवसेना के मुख्य प्रवक्ता संजय राउत ने इस कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि पुलिस की कार्रवाई के पीछे जरूर कोई वजह रही होगी।
हनुमान चालीसा विवाद: MP नवनीत राणा और रवि राणा को अदालत ने 14 दिन के लिए भेजा जेल
कुछ देशद्रोहियों पर पथराव किया जाता है
शनिवार को यहां खार पुलिस थाने के समीप भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद किरीट सोमैया की कार पर हुए कथित हमले का जिक्र करते हुए राउत ने पत्रकारों से कहा, ‘‘कुछ देशद्रोहियों पर पथराव किया जाता है।’’ उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एवं शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के आवास ‘मातोश्री’ के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करने के उनके (दंपत्ति के) आह्वान ने शिवसेना समर्थकों को आक्रोशित कर दिया था। राउत ने कहा, ‘‘मुंबई पुलिस की रवि राणा और नवनीत राणा के खिलाफ चल रही जांच में सोमैया का क्या काम है? अगर पुलिस ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई की है तो इसके पीछे जरूर कोई वजह होगी।’’

मुंबई पुलिस कभी झूठी रिपोर्ट या प्राथमिकी दर्ज नहीं करती है
उन्होंने कहा, ‘‘जब केंद्रीय एजेंसियां हमारे नेताओं की जांच करती या उन पर छापा मारती है तो वे (भाजपा) हमेशा कहते हैं कि कुछ तो होगा जिसके लिए कार्रवाई की गयी है। पुलिस पर विश्वास करना चाहिए…मुंबई पुलिस कभी झूठी रिपोर्ट या प्राथमिकी दर्ज नहीं करती है।’’ सोमैया की कार पर कथित हमले पर शिवसेना सांसद ने भाजपा नेता का नाम लिए बगैर कहा, ‘‘कुछ गद्दारों पर पथराव किया जाता है। वे झूठे हैं और उन्हें इतनी गंभीरता से नहीं लिया जाना चाहिए।’’
राउत ने कहा, ‘‘ जब नौसैना के विमानवाहक पोत विक्रांत के नाम पर जमा की गयी निधि का कथित तौर पर गबन करने वाला व्यक्ति एक अन्य जन प्रतिनिधि से मिलता है, जिसने कथित तौर पर नकली जाति प्रमाणपत्र बनवाया और लोकसभा चुनाव जीता, तो लोग आक्रोशित हो जाते हैं।’’ राज्यसभा सदस्य ने पूछा, ‘‘अगर ऐसे लोगों पर पथराव किया जाता है तो भाजपा को दर्द क्यों हो रहा है?’’


Download Android App
Download iOS App



