कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने शनिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्र में ‘फासीवादी’ सरकार चला रहे हैं। उन्होंने मेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर कहा, “मोदी का प्रशासन एडॉल्फ हिटलर के समान हैं। कोई भी उनके खिलाफ बोलने का साहस नहीं करता।”
सिद्धारमैया चिकमंगलुरु में कलसा जाने के के क्रम में यहां आए थे जहां वह हाल ही में आत्महत्या करने वाले किसान के परिवार से मुलाकात करेंगे। उनका वहां एक जनसभा को संबोधित करने का भी कार्यक्रम है। वह बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद करने के वास्ते 5,000 करोड़ रुपये की राहत राशि के लिए राज्य की मांग को नजरअंदाज करने को लेकर भी केंद्र पर बरसे।
उन्होंने कहा कि केंद्र ने तीन महीने के लंबे इंतजार के बाद अब महज 1,200 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। सिद्धारमैया ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा को राज्य की वित्तीय स्थिति के बारे में खास जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य में बाढ़ आने के महीनों बाद भी सरकार राहत कार्यों के लिए केंद्र से कोष हासिल नहीं कर सकी।


Download Android App
Download iOS App



