हार्दिक पटेल ने गुजरात कांग्रेस पर उनको महत्व ना देते हुए किनारा करने के आरोप लगाए, इसके बाद उन्होंने खुद को राम भक्त बताया जिसको लेकर सियासत में अटकलों का दौर शुरू हो गया। उनके इस बयान पर यह कयास लगने लगे कि कहीं हार्दिक पटेल भी बागी तेवर अपना कर कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खेमे में शामिल तो नहीं हो रहे हैं। इन सभी सियासी सरगर्मियों और कयासों की बौंछार के बीच कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल की वाट्सऐप पर प्रोफाइल पिक (डीपी) ने उनके भाजपा में शामिल होने की बात को और हवा दे दी है।
हार्दिक पटेल कांग्रेस को दिखाएंगे बागी तेवर?
दरअसल अब तक कांग्रेस के चुनाव चिन्ह हाथ के साथ नजर आने वाले हार्दिक पटेल ने अब भगवा रंग की शॉल ओढ़ ली है, इतना ही नहीं उन्होंने अपने प्रोफाइल से कांग्रेस नेता का परिचय हटा दिया है। उन्होंने अपनी प्रोफाइल में खुदको प्राउड इंडियन (Proud Indian), सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता और मानवता में यकीन करने वाला व्यक्ति बताया है। गौर करने वाली बात यह है कि इस पुरे बायो में उन्होंने कहीं भी कांग्रेस पार्टी का जिक्र नहीं किया है, हालांकि हार्दिक पटेल ने अब भी पाटीदार नेता का अपना परिचय बरकरार रखा है।

पार्टी पर लगाया जिम्मेदारी न देते हुए किनारे करने का आरोप
हार्दिक की डीपी और बायो में इन बदलावों के कारण फिर एक बार यह कयास लगने लगे हैं कि पटेल कांग्रेस को छोड़ सकते हैं और भाजपा का दामन थाम सकते हैं। बीते दिनों हार्दिक ने अपने एक इंटरव्यू में इस बात को साफ तौर पर कहा था कि कांग्रेस के नेता ही नहीं चाहते की वह अब पार्टी का हिस्सा बन कर रहें। उनका कहना था की पार्टी ने उन्हें दरकिनार करते हुए कोई जिम्मेदारी नहीं दी है, गुजरात में चुनाव नजदीक है लेकिन राज्य में कांग्रेस की कोई तैयारी नहीं है जबकि भारतीय जनता पार्टी वहां मजबूत स्थिति में है। उन्होंने कहा था कि पार्टी के इस भेदभाव पूर्ण बर्ताव की शिकायत उन्होंने राहुल गांधी से भी की थी लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ।


Download Android App
Download iOS App



