रांची : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से अपनी संपत्ति की गलत जानकारी देने के मामले में चुनाव आयोग से संज्ञान लेकर कार्रवाई की मांग की है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष समीर उरांव और प्रो.आदित्य साहू ने कहा कि श्री सोरेन ने झारखंड विधानसभा चुनाव, 2014 के समय चुनाव आयोग से अपनी संपत्ति का ब्योरा छिपाकर गंभीर अपराध किया है और आयोग को इस पर संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि श्री सोरेन ने कौड़ी के भाव में संपति खरीदी है और कई तथ्य चुनाव आयोग से छिपाये। यह एक गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि 30 मार्च 2007 को श्री सोरेन ने एक साथ 16 निबंधन के जरिये 5.28 एकड़ जमीन खरीदी। नेता द्वय ने कहा कि श्री सोरेन की पत्नी कल्पना मुर्मू उर्फ कल्पान सोरेन के नाम पर भी संपति मात्र चार लाख 16 हजार रुपये में खरीदी गयी जबकि बाजार मूल्य एक करोड़ 50 लाख से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि श्री सोरेन की कुल संपति सौ करोड़ से अधिक है। श्री सोरेन ने चुनाव आयोग को जो हलफनामा दिया है उसमें उन्होंने अपनी पत्नी के नाम खरीदी गयी जमीन का ब्योरा छिपाया है।