धनबाद (झारखंड), (भाषा): धनबाद शहर के वासेपुर इलाके में आज दो अज्ञात व्यक्तियों ने एक होटल मालिक के पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि कल रात होटल मालिक गफ्फार अंसारी का बेटा विक्की अपने पिता के होटल के काउंटर पर बैठा था। करीब सवा आठ बजे बाइक पर सवार दो व्यक्ति आए और उन्होंने विक्की को अपने पास बुलाया। वे उसे पास में ही स्थित एसडी सनराइज स्कूल ले गये और उसकी छाती और गर्दन पर दो गोलियां मारकर फरार हो गए।
विक्की के परिवार के सदस्य उसे भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के केन्द्रीय अस्पताल में ले गये जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को सुबह पोस्टमार्टम के लिए पाटलिपुत्र मेडिकल कॉलेज के अस्पताल भेजा गया। धनबाद शहर के पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा मालूम हो रहा है कि हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग का कारण हो सकता है।
घटना के बाद शहर के वासेपुर इलाके में तनाव व्याप्त हो गया है। इसके मद्देनजर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। विक्की के परिवार ने आरोप लगाया है कि हत्या के पीछे गैंगस्टर फहीम खान के परिवार के सदस्यों का हाथ है। उन्होंने दावा किया कि दो महीने पहले एक वाहन की पार्किंग को लेकर विक्की और फहीम खान के भतीजे के बीच हाथापाई हुई थी।


Download Android App
Download iOS App



