महाराष्ट्र के मंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को कहा कि कोविड-19 रोगियों के इलाज के लिये चिकित्सीय ऑक्सीजन की बढ़ती मांग के मद्देनजर मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में पर्यावरणीय वायु से ऑक्सीजन का उत्पादन करने वाले 14 संयंत्रों स्थापित किये जाएंगे।
शिंदे ने यहां पत्रकारों से कहा कि एक संयंत्र में प्रतिदिन लगभग दो टन (960 लीटर प्रति मिनट) ऑक्सीजन का उत्पादन किया जाएगा, जो 200 ऑक्सीजन बिस्तरों के लिये पर्याप्त होगी। उन्होंने कहा कि इनमें से तीन संयंत्रों ठाणे, दो-दो संयंत्रों को कल्याण-डोम्बिवली तथा नवी मुंबई और एक-एक संयंत्र को भिवंडी, उल्हासनगर, अम्बरनाथ, बदलापुर, मीरा-भयंदर, वसई-विरार तथा पनवेल निकाय क्षेत्रों में स्थापित किया जाएगा।
राज्य के शहरी विकास मंत्री शिंदे ने कहा कि काम शुरू कर दिया गया है। अगले कुछ दिन में संयंत्रों का संचालन शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने यह सुनिश्चित करने के लिये इन संयंत्रों को स्थापित करने का निर्णय लिया है कि कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के मद्देजनर ऑक्सीजन की कमी न हो।
शिंदे ने कहा कि ऑक्सीजन उत्पादन से संबंधित एजेंसियों की पहचान कर ली गई है और कार्य आदेश जारी किये जा चुके हैं। मंत्री ने यह भी कहा कि गढ़चिरौली जिले में पांच-छह संयंत्र स्थापित किये जा रहे हैं, जिनमें प्रतिदिन 1 से 1.5 टन ऑक्सीजन का उत्पादन होगा। शिंदे गढ़चिरौली के प्रभारी मंत्री हैं।


Download Android App
Download iOS App



