भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को दावा किया कि मध्य प्रदेश में किसानों की हालत ‘चिंताजनक’ है और कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद प्रदेश में पिछले 11 महीनों में 150 किसानों ने खुदकुशी की है। भाजपा ने मांग की है कि प्रदेश सरकार को किसानों की हालत सुधारने के लिये तत्काल सुधारात्मक उपाय करने चाहिये।
प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता गोपाल भार्गव ने दावा किया, ‘‘हमारे द्वारा जुटाये गये आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में पिछले 11 माह में कांग्रेस सरकार बनने के बाद से 150 किसानों ने खुदकुशी की है।’’ उन्होंने कहा कि विधानसभा के पिछले सत्र में यह बात कही गई थी।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में किसानों की हालत ऐसी हो गई है कि उन्हें बुआई के लिये न तो बीज मिल रहा है और न ही खाद। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों में कुप्रबंधन के कारण किसानों को ऋण नहीं मिल पा रहा है। भार्गव ने कहा कि हमारी मांग है कि प्रदेश सरकार किसानों की दुर्दशा पर ध्यान दे और उन्हें अपनी फसल बोने के लिये बीज, खाद और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराये।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को केन्द्र सरकार को दोष देना बंद करना चाहिये कि वह इसके लिये प्रदेश सरकार की मदद नहीं कर रही है। भार्गव ने कहा, ‘‘पिछले साल हुए मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रदेश की सत्ता में कांग्रेस के आने के बाद महज 10 दिन में किसानों को दो लाख रुपये तक की कर्ज माफी देने की घोषणा की थी।
उन्होंने कहा कि कुछ किसानों का कर्ज माफ किया गया है जबकि अधिकतर किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।’’ विपक्ष के नेता ने कहा कि भाजपा किसानों के हित में प्रदेश सरकार पर दबाव बनाने के लिये सड़कों पर उतरेगी। इससे पहले भी हमने किसानों की मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किये हैं।


Download Android App
Download iOS App



