मध्यप्रदेश में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,700 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाये गये लोगों की कुल संख्या 1,91,246 तक पहुंच गयी। राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से 11 और व्यक्तियों की मौत की पुष्टि हुई है जिससे मरने वालों की संख्या 3,149 हो गयी है। मध्यप्रदेश के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया, ‘‘पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण से इंदौर में तीन, रतलाम में दो और भोपाल, सागर, मुरैना, खंडवा, सिवनी एवं गुना में एक-एक मरीज की मौत की पुष्टि हुई है।’’
उन्होंने बताया, ‘‘राज्य में अब तक कोरोना वायरस से सबसे अधिक 729 मौत इंदौर में हुई हैं, जबकि भोपाल में 504, उज्जैन में 99, सागर में 132, जबलपुर में 216 एवं ग्वालियर में 172 लोगों की मौत हुई हैं। बाकी लोगों की मौत अन्य जिलों में हुई हैं।’’ अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में शनिवार को कोविड-19 के 492 नये मामले इंदौर जिले में आये हैं, जबकि भोपाल में 313, ग्वालियर में 112 और जबलपुर में 74 नये मामले आये।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुल 1,91,246 संक्रमितों में से अब तक 1,76,905 मरीज स्वस्थ होकर घर चले गये हैं और 11,192मरीज़ों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। उन्होंने कहा कि शनिवार को 899 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।


Download Android App
Download iOS App



