शिमला : हिमाचल प्रदेश में रविवार को बारिश संबंधी घटनाओं में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
अधिकारियों ने बताया कि आठ व्यक्तियों की मौत शिमला में जबकि कुल्लू, सिरमौर, सोलन और चंबा में दो..दो व्यक्तियों की और उना तथा लाहौल..स्पीति जिलों में एक एक व्यक्ति की मौत हो गयी ।
पुलिस ने बताया कि यहां आरटीओ कार्यालय के पास हुए भूस्खलन की घटना में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि इस घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया।
शिमला जिले के नारकंड क्षेत्र में एक मकान पर पेड़ गिरने से नेपाल के रहने वाले दो व्यक्तियों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि एक अन्य घटना में रविवार तड़के भारी वर्षा के बाद एक मकान की दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान शाह आलम के तौर पर हुई है, जो बिहार के किशनगंज जिले का रहने वाला था।
एक अन्य घटना में शिमला के रोहड़ू उपमंडल के हटकोटी केंची के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रक के भूस्खलन की चपेट में जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। चंबा जिले में भारी बारिश के कारण एक मकान ढहने से दो लोगों की मलबे में दबने से मौत हो गई।
चंबा पुलिस अधीक्षक एम भुतुंगुरू ने बताया कि हादसा मेहला उपमंडल के लोना में तड़के साढ़े तीन बजे हुआ जिसमें 70 वर्षीय एक व्यक्ति और सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।
वहीं, कुल्लू में एक व्यक्ति उस समय सुजवाड़ नाले में बह गया जब स्थानीय लोग उसे बचाने का प्रयास कर रहे थे। व्यक्ति की पहचान चुन्नी लाल के तौर पर हुई है।
कुल्लू की उपायुक्त रिचा वर्मा ने बताया कि इसके अलावा मणिकरण और बरशेनी के बीच बलरगा में भूस्खलन होने से एक पर्यटक की मौत हो गई। सोलन जिले में बड्डी तहसील में एक इमारत गिरने से दो व्यक्तियों की मौत हो गई।


Download Android App
Download iOS App



