केरल के कोच्चि में एक नौसैन्य प्रतिष्ठान में एयरक्राफ्ट हैंगर के गिरने से गुरुवार को दो नौसैनिकों की मौत हो गई। एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया, ‘‘एयरक्राफ्ट हैंगर गिरने के कारण दो नौसैनिकों की मौत हो गई।’’ यह घटना आज सुबह केरल के कोच्चि में साउथेन नेवल कमांड में हुई।
नौसेना के अनुसार मारे गये नाविकों के नाम नवीन और अजीत सिंह हैं और ये दोनों एविएशन इलैक्ट्रिकल ब्रांच में तैनात थे। आईएनएस गरूड में नौसेना का एयर स्क्वाड्रन 322 है और इसमें विमान तथा हेलिकॉप्टर खड़े करने के लिए हैंगर बने हैं। दोनों नाविक जब हैंगर के पास से गुजर रहे थे तो उसका दरवाजा स्लाइडिंग रेल से निकल कर उनके उपर गिर गया।
दोनों नौसैनिकों को गंभीर हालत में नौसेना के अस्पताल संजीवनी ले जाया गया जहां डॉक्टरों के उन्हें बचाने के अथक प्रयासों के बावजूद उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे की जांच के लिए बोर्ड ऑफ इंक्वायरी का गठन किया गया है। नाविक नवीन ई एएए 3 हरियाणा के भिवानी का रहने वाला था और वह 25 जनवरी 2008 में नौसेना में भर्ती हुआ था।
उनके परिवार में पत्नी श्रीमती आरती और दो वर्षीय बेटी है। नाविक अजीत सिंह ई एए आर 3 राजस्थान के भरतपुर का रहने वाला था और वह 29 जुलाई 2009 में नौसेना में भर्ती हुआ था। उनके परिवार में पत्नी श्रीमती पावर्ती और पांच वर्षीय पुत्र है।


Download Android App
Download iOS App



