कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है और अब तक विश्व के अधिकतर देशों में इस महामारी से 21 लाख से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं। भारतीय नौसेना के 21 नौसैनिक जानलेवा कोरोना वायरस (कोविड-19) से संक्रमित पाये गये हैं।
नौसेना के सूत्रों ने शनिवार को बताया कि उसके 20 नौसैनिकों में इस खतरनाक वायरस का संक्रमण पाया गया है और ये सभी नौसैनिक मुंबई स्थित नौसेना के एक आवासीय परिसर आईएनएस एंगरे में रह रहे थे। इन सभी को क्वारंटीन कर इनका उपचार किया जा रहा है। इन सभी में कोरोना वायरस के संक्रमण के लक्षण नहीं पाये गये थे।
सूत्रों के अनुसार इन सभी को यह संक्रमण एक अन्य नौसैनिक के संपर्क में आने से हुआ है। इस नौसैनिक में गत सात अप्रैल को कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई थी। ये 20 नौसैनिक जिस परिसर में रह रहे थे, उसे पूरी तरह अलग थलग कर दिया गया है और सभी एहतियाती उपाय किये जा रहे हैं। इस आवासीय परिसर को सील कर दिया गया है। इस क्षेत्र में कोरोना के प्रोटोकोल के अनुसार सभी कदम उठाये जा रहे हैं।
सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि अभी नौसेना के किसी जलपोत या पनडुब्बी में सवार नौसैनिकों में इस वायरस के संक्रमण का कोई मामला नहीं है। नौसेना में कोरोना वायरस के संक्रमण का यह पहला मामला सामने आया है।


Download Android App
Download iOS App



