इमरजेंसी मैनेजमेंट एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (ईएमआरआई) ने रविवार को कहा कि दीवाली की रात गुजरात के विभिन्न जिलों में आग से जलने के कुल 25 मामले सामने आए । दीपावली पर्व का लक्ष्मी पूजन शनिवार को मनाया गया। कई लोग इस मौके पर पटाखे फोड़कर जश्न मनाते हैं। अहमदाबाद स्थित ईएमआरआई ने एक बयान में कहा कि आम दिनों में आग से जलने के पांच मामले सामने आते हैं, जो दीवाली की रात बढ़कर 25 हो गए।
यह संस्थान प्रदेश भर में 108 निशुल्क एंबुलेंस सेवा संचालित करता है। अहमदाबाद में पांच मामलों के अलावा सूरत में तीन, भरुच, राजकोट और नर्मदा में दो-दो मामले दर्ज किए गए। अहमदाबाद शहर के अग्निशमन अधिकारियों ने बताया कि इस साल दीवाली पर आग लगने के मामले पिछले साल की तुलना में कम थे।
ईएमआरआई ने कहा कि राज्य भर में सांस लेने की समस्याओं से संबंधित मामलों में भी दीवाली की रात वृद्धि देखी गई। सामान्य दिनों की तुलना में इन मामलों में 55 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई।दीवाली की रात राज्य में आग लगने के कई मामले सामने आए, हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।अधिकारियों ने कहा कि पटाखे फोड़ने के कारण राजकोट में एक घर में आग लग गई। हालांकि आग पर नियंत्रण कर लिया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है ।अहमदाबाद और भरूच में भी आग लगने के मामले सामने आए।


Download Android App
Download iOS App



