उत्तरी कर्नाटक के धारवाड़ में ध्वस्त हुई एक निर्माणाधीन इमारत के मलबे से एक और शव निकाले जाने के साथ ही, इस हादसे में मरने वालों की संख्या बुधवार को बढ़कर तीन हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। बचावकर्मियों ने बेंगलुरू से करीब 400 किलोमीटर दूर धारवाड के कुमारेश्वरनगर में मंगलवार की शाम को ध्वस्त हुई चार मंजिला निर्माणाधीन इमारत के मलबे से 56 लोगों को बाहर निकाला है।
पुलिस ने बताया कि माना जा रहा है कि अभी भी 30 लोग मलबे में फंसे हुये हैं जिन्हें निकालने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। 10 एम्बुलेंस और पांच दमकल गाड़ियों के अलावा राहत एवं बचाव कार्य में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की तीन टीमों को तैनात किया गया है। इन टीम में से दो गाजियाबाद से और एक बेंगलुरू की है।
एनडीआरएफ ने ट्वीट में कहा है, ‘‘एनडीआरएफ की दो टीम गाजियाबाद से और एक बेंगलुरू से लायी गयी है।’’ बचाव अभियान में करीब 150 पुलिस कर्मी, अग्निशमन और आपात सेवा के कर्मचारी लगे हुये हैं। इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है।
कर्नाटक के पूर्व मंत्री और इलाके के कांग्रेस नेता विनय कुलकर्णी ने मंगलवार को कहा था कि इमारत का एक पार्टनर उनका रिश्तेदार है और चाहे कोई भी हो, उसे कार्रवाई का सामना करना चाहिए। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि इमारत की क्षमता चार मंजिल सहने की नहीं थी फिर भी अतिरिक्त मंजिल तैयार की जा रही थी। निर्माण सामग्री भी स्तरीय नहीं थी।


Download Android App
Download iOS App



