रुड़की : पेट्रोल पंप से कैश लेकर बैंक में जमा कराने जा रहे कर्मचारियों को बाइक सवार बदमाशों ने तमंचों के बल पर आतंकित करने के बाद आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर 33 लाख रुपये लूट लिए। पेट्रोल पंप रुड़की निवासी भाजपा नेता का है। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की। रुड़की सिविल लाइंस निवासी भाजपा नेता ललित मोहन अग्रवाल का मंगलौर में हाईवे पर पेट्रोल पंप है।
सोमवार दोपहर करीब एक बजे पेट्रोल पंप का लेखाकार आमिर निवासी मोहल्ला बाहर किला मंगलौर और रुड़की निवासी सहायक लेखाकार पवन कुमार पंप पर दो दिन की बिक्री से जमा हुए 33 लाख रुपये को एक बैग में रखकर बाइक से रुड़की स्थित एसबीआई शाखा में जमा कराने के लिए निकले। जैसे ही वह कांवड़ पटरी पर नीशु हैरिटेज के सामने पहुंचे तो दो बाइकों पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। तमंचों के बल पर आंतकित करते हुए उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया और नगदी भरा बैग लूटकर रुड़की की ओर फरार हो गए।
घटना के बाद दोनों कर्मचारियों ने पंप स्वामी को जानकारी दी। 33 लाख की लूट से पुलिस में हड़कंप मच गया। कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मुजफ्फरनगर, सहारनपुर तथा बिजनौर जनपदों की पुलिस को भी घटना की जानकारी दी। आसपास भी कांबिंग की गई। लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल पाया। एसपी देहात नवनीत सिंह ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



