असम में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में पूर्वाह्न तक 38 फीसद मतदान

Summary :

असम निर्वाचन आयोग के एक प्रवक्ता ने बताया कि अब तक मतदाताओं, उम्मीदवारों के नामों, चुनाव निशानों और मतपत्रों में विसंगतियों के कुछेक मामले सामने आए हैं।

असम में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में 10 जिलों में रविवार को कमोबेश शांतिपूर्ण मतदान में पूर्वाह्न तक करीब 38 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। सुबह सात बजे से ही मतदाता वोट डालने के लिए मतदान केंद्रों पर लाईनों में लग गये।

panchayat polls in Assam

असम राज्य निर्वाचन आयोग के एक प्रवक्ता ने बताया कि अब तक मतदाताओं, उम्मीदवारों के नामों, चुनाव निशानों और मतपत्रों में विसंगतियों के कुछेक मामले सामने आए हैं। इन समस्याओं को स्थानीय तौर पर निपटा लिया गया और मतदान शांतिपूर्ण चला। प्रवक्ता ने कहा कि नालबारी, बारपेटा, बोंगाईगांव, धुबरी, दक्षिण सलमारा, ग्वालपारा, कछार, हैलकांडी, करीमगंज और होजाई में 169 जिला परिषद, 895 आंचलिक परिषद, 895 गांव पंचायत अध्यक्षों, 8950 गांव पंचायत सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान हो रहा है।

Assam  panchayat polls

चुनाव मैदान में 35,056 प्रत्याशी हैं। राज्य में पंचायत चुनाव का पहला चरण 16 जिलों में पांच दिसंबर को हुआ था। उसमें 81.5 फीसद मतदान हुआ था। इस बीच विधानसभा में विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया ने राज्य चुनाव आयुक्त से सोनाई के भाजपा विधायक अमीनुल हक लस्कर के खिलाफ चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने की शिकायत की है। सैकिया के अनुसार, लस्कर ने वीडियो मैसेज में पार्टी कार्यकर्ताओं से मतदान के बाद मतपत्र चुराने को कहा है।

Desk Team