उत्तराखंड सरकार ने बुधवार को कहा कि राज्य में कोविड-19 की संक्रमण दर 23 प्रतिशत से घटकर 18 प्रतिशत हो गई है और वर्तमान में जांच दर राष्ट्रीय औसत से दोगुनी है। स्वास्थ्य सचिव अमित नेगी ने पुलिस और एसडीआरएफ के अधिकारियों के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में कहा कि पिछले 24 घंटे में सात हजार से अधिक लोग संक्रमण से उबरे हैं तथा 4800 नए मामलों की पुष्टि हुई है।
उन्होंने कहा, “ कोविड-19 की संक्रमण दर 23 प्रतिशत से घटकर 18 प्रतिशत हो गई है। जांच भी लगातार बढ़ाई जा रही है। कुल 35,000 नमूनों की मंगलवार को जांच की गई है। उत्तराखंड में कोविड जांच की दर राष्ट्रीय औसत से दोगुनी है।” नेगी ने कहा कि एक अप्रैल के बाद कोविड-19 मृत्यु दर 40-79 आयु समूह में अधिक रही है जबकि संक्रमण दर 30-39 आयु समूह में अधिक रही है।
ऑक्सीजन आपूर्ति नोडल अधिकारी रंजीत सिन्हा ने कहा कि तीन प्रमुख ऑक्सीजन संयंत्रों से आवंटित 96 मीट्रिक टन के अलावा, छह छोटे ऑक्सीजन उत्पादन इकाइयों से 70 मीट्रिक टन ऑक्सीजन का उत्पादन किया जा रहा है जो 7,700 मीट्रिक टन जंबो आकार के ऑक्सीजन सिलेंडर भरने के लिए काफी है।
उन्होंने कहा कि करीब 50 मीट्रिक टन ऑक्सीजन गढ़वाल क्षेत्र के लिए आरक्षित है जबकि कुमाऊ क्षेत्र के लिए 40 मीट्रिक टन ऑक्सीजन रखी गई है। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अमित सिन्हा ने कहा कि मरीजों से अधिक पैसा वसूलने वाले अस्पतालों और एंबुलेंसों संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिना लाइसेंस के आरटी-पीसीआर जांच करने के आरोप में उधमसिंह नगर जिले में एक प्रयोगशाला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



