पीएमके (Pattali Makkal Katchi) के संस्थापक नेता एस. रामदौस (S. Ramadoss) ने कई पत्रकारों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाये जाने पर चिंता जताते हुए मंगलवार को मीडिया संगठनों से आग्रह किया कि वे अपने कर्मचारियों की रक्षा करें। रामदौस ने साथ ही सुझाव दिया कि सरकार कोविड-19 संबंधी संवाददाता सम्मेलन करना बंद कर सकती है।
रामदौस ने शहर में तीन पत्रकारों और मुम्बई में 53 के कोरोना वायरस से संक्रमित पाये जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि कोविड-19 के खिलाफ अग्रिम मोर्चे पर रहकर मुकाबला कर रहे डाक्टर, नर्स, सफाई कर्मचारी और पुलिसकर्मियों के साथ ही मीडियाकर्मी भी कोरोना वायरस के खतरे का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पत्रकार, फोटो पत्रकार और टेलीविज़न चैनलों के कैमरामैन सहित 200 से अधिक लोग संवाददाता सम्मेलन के लिए एकत्रित होते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अगर इससे बचा जाए तो पत्रकारों को संक्रमित होने से बचाया जा सकता है।’’
उन्होंने कहा कि संवाददाता सम्मेलन आयोजित करने की बजाय मीडिया घरानों को सूचना प्रेस विज्ञप्ति के जरिये पहुंचायी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि टेलीविजन चैनल को वीडियो फुटेज चाहिए तो इसे सरकारी सूचना एवं जनसम्पर्क इकाई द्वारा उपलब्ध कराया जा सकता है।


Download Android App
Download iOS App



