मुंबई : महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा कि राज्य में सोमवार को कोविड-19 के 7,924 नये मामले सामने आने के साथ संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,83,723 हो गयी। संक्रमण के कारण 227 और लोगों की जान जाने से राज्य में मृतकों की संख्या बढ़कर 13,883 हो गयी।
उन्होंने कहा कि दिन में कुल 8,706 मरीजों को छुट्टी दे दी गई, जिसके बाद राज्य में ठीक हुए लोगों की संख्या बढ़कर 2,21,944 हो गई। महाराष्ट्र में अब उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,47,592 है। राज्य में अब तक कुल 19,25,399 लोगों की जांच की गई है।
वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मुंबई के निकट एक स्थायी संक्रामक रोग अस्पताल एवं अनुसंधान केन्द्र स्थापित करने के लिये सोमवार को केन्द्र सरकार से सहयोग और मदद मांगी।
ठाकरे ने नोएडा, मुंबई और कोलकाता में कोविड-19 जांच केंद्रों के डिजिटल उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन के साथ बातचीत करते हुए यह मांग रखी।
ठाकरे ने कार्यक्रम में प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए कहा कि मैं मुंबई शहर के निकट स्थायी संक्रामक रोग अस्पताल स्थापित करना चाहता हूं, जहां इलाज के लिये रोगियों को भर्ती किया जाए। साथ ही अनुसंधान भी किये जाएं। मुझे इसके निर्माण में आपका सहयोग और मदद चाहिये।


Download Android App
Download iOS App



