असम के शिवसागर जिले में सोमवार को एक बस और एक मिनीबस के बीच टक्कर होने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 37 पर देमोव में हुई। गोलाघाट से डिब्रूगढ़ आ रही बस विपरीत दिशा से आ रही मिनीबस से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन सड़क से नीचे खड्ड में गिर गए। सहायक उप निरीक्षक के अली ने बताया कि दोनों वाहनों से कुछ शव निकाले गए जबकि बुरी तरह से घायल कुछ लोगों ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया। मारे गए ज्यादातर लोग वे ही हैं जो मिनीबस में सवार थे।

घायलों को देमोव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां से 15 लोगों को डिब्रूगढ स्थित असम मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। जानकारी के मुताबिक एक बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे।


Download Android App
Download iOS App



