मप्र में बीते 24 घंटे में कोरोना के 990 नए केस, संक्रमितों का आंकड़ा 47 हजार के पार

Summary :

प्रदेश के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया, ‘‘पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण से भोपाल में पांच, विदिशा में दो एवं इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, नीमच, छतरपुर और रतलाम में एक- एक मरीज की मौत हो गई

मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस का कहर जारी है। मंगलवार को संक्रमण के 990 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाये गये लोगों की कुल संख्या 47,375 तक पहुंच गई। राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से 13 और व्यक्तियों की मौत की पुष्टि हुई है, जिससे मरने वालों की संख्या 1,141 हो गई है।
प्रदेश के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया, ‘‘पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण से भोपाल में पांच, विदिशा में दो एवं इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, नीमच, छतरपुर और रतलाम में एक- एक मरीज की मौत हो गई।’’ उन्होंने बताया, ‘‘राज्य में अब तक कोरोना वायरस से सबसे अधिक 345 मौत इंदौर में हुई हैं। भोपाल में 248, उज्जैन में 76, सागर में 40, जबलपुर में 54, बुरहानपुर में 25, खंडवा में 20, ग्वालियर में 25 एवं खरगोन में 23 लोगों की मौत हुई है। बाकी मौतें अन्य जिलों में हुई हैं।’’
अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में मंगलवार को कोविड-19 के सबसे अधिक 142 नये मामले इंदौर जिले में आये हैं, जबकि जबलपुर में 88, भोपाल में 110, ग्वालियर में 83, खरगोन में 34, अलीराजपुर में 30, एवं राजगढ़ में 39 नये मामले सामने आये। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुल 47,375 संक्रमितों में से अब तक 35,713 मरीज स्वस्थ होकर घर चले गये हैं और 10,521 मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को 688 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में राज्य में कुल 3,7580 निषिद्ध क्षेत्र हैं।
बताते चले कि देशभर में कोरोना का कोहराम थमने का नाम नहीं ले रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, संक्रमितों का आंकड़ा 27,02,742 तक पहुंच गया है और 51,797 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, इस वायरस के अब तक 17,77,779 लोक ठीक हो चुके हैं। 

Desk Team