शिवसेना सांसद संजय राउत ने सोमवार को कहा कि महाराष्ट्र के पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे 15 जून को अयोध्या जाएंगे।राउत ने कहा कि यह गैर राजनीतिक कार्यक्रम है। वह 15 जून को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे और वहां से अयोध्या जाएंगे। आदित्य ठाकरे “रामलला” का आशीर्वाद लेंगे। वह राम मंदिर निर्माण स्थल का भी दौरा करेंगे और सरयू नदी के किनारे आरती में भी शामिल होंगे।उन्होंने आगे कहा कि ठाकरे की यात्रा की व्यवस्था करने के लिए शिवसेना कार्यकर्ताओं और नेताओं की एक टीम पहले से ही उत्तर प्रदेश के अयोध्या शहर में है।राउत ने बताया की वह खुद भी अयोध्या जाएंगे।
हिंदुत्व के मुद्दे को लेकर विपक्षी दलों के निशाने पर है उनकी पार्टी
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे की अयोध्या यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब हिंदुत्व के मुद्दे पर भाजपा और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) उनकी पार्टी को निशाना बना रही है।आदित्य ठाकरे के चाचा और मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने भी कहा था कि वह इस महीने अयोध्या जाएंगे, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से उनकी यात्रा स्थगित कर दी गई थी। राज ठाकरे ने हाल में मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने का मांग की थी।


Download Android App
Download iOS App



