पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर चौधरी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखकर मुर्शिदाबाद जिले में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हमले का मुद्दा उठाया।
मुख्यमंत्री को बृहस्पतिवार को लिखे पत्र में लोकसभा में कांग्रेस के नेता ने दावा किया कि ममता बनर्जी की पार्टी के सदस्यों ने रानीनगर इलाके में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमला किया और पुलिस मूकदर्शक बनी रही और कोई कार्रवाई नहीं की। मामले में मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग करते हुए चौधरी ने कहा, ‘‘उस खास इलाके में कानून-व्यवस्था की खराब होती स्थिति को सुधारने के लिए कदम उठाएं और पीड़ितों को न्याय दिलवाएं।’’
उन्होंने कहा कि उस इलाके में स्थिति को देखते हुए अपराधियों के खिलाफ तुरंत प्रशासनिक कार्रवाई करने की जरूरत है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रानीनगर में दो सितंबर को दो समूहों के बीच झड़प में कांग्रेस के तीन कार्यकर्ताओं के घरों में तोड़फोड़ की गई और उनकी संपत्ति लूट ली गई। घटना में टीएमसी की भूमिका से इंकार करते हुए जिले में पार्टी अधिकारी साओनी सिंघा राय ने कहा कि झड़प कांग्रेस की अंदरूनी कलह का नतीजा थी।


Download Android App
Download iOS App



