सुशांत सिंह राजपूत की संदिग्ध मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) का उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती से तीसरे दिन पूछताछ की।वह पूछताछ के सिलसिले में रविवार को भी अपने भाई के साथ एक बार फिर एजेंसी के समक्ष पेश हुई। रविवार को सीबीआई ने रिया से सुशांत को दी गई मेडिकल ट्रीटमेंट और दवाइयों से संबंधित चैट को लेकर सवाल किए। पूछताछ के दौरान रिया द्वारा दिए गए जवाब ‘संतोषजनक नहीं’ थे। अधिकारी ने बताया कि रिया और उनके भाई शौविक को लगातार चौथे दिन (सोमवार ) सीबीआई ने पूछताछ के लिए तलब किया है।
सीबीआई अधिकारियों के मुताबिक, रिया सुबह 10.15 बजे अपने भाई के साथ डीआरडीओ गेस्ट हाउस पहुंची। सीबीआई के एक सूत्र ने कहा कि एजेंसी उनसे सुशांत के क्रेडिट कार्ड और अभिनेता के मेडिकल उपचार के दौरान किए गए खर्च के बारे में पूछताछ की। उन्होंने कहा कि सीबीआई की टीम सुशांत के इलाज के बारे में अधिक जानकारी जुटाना चाहती है कि उन्हें कौन सी दवाएं दी जा रही थी, और कब से उनका इलाज चल रहा था, इस बारे में भी विस्तार से पूछा गया।
सूत्र ने कहा कि जब सुशांत के मेडिकल ट्रीटमेंट और दवाओं के बारे में सवाल पूछे जाने पर रिया ने गोल-मोल जवाब दिए।
सूत्र ने बताया कि सुशांत की समस्याओं और ड्रग चैट के बारे में पूछे जाने पर वह ‘कम्फर्ट’ महसूस नहीं कर रही थी। सूत्र ने कहा कि उनसे सुशांत के आवास पर पहले के निजी कर्मचारियों को बदलने के कारणों और दिवंगत अभिनेता को उनके परिवार से दूर रखने के कारणों के बारे में भी पूछताछ की जाएगी।
सीबीआई टीम उनसे वित्तीय लेनदेन और निवेश की योजनाओं के बारे में भी पूछताछ करेगी। सीबीआई ने रिया से शनिवार को सात घंटे और शुक्रवार को 10 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी। सीबीआई ने सुशांत के निजी कर्मचारियों – नीरज सिंह, दीपेश सावंत, फ्लैटमेट सिद्धार्थ पिठानी और अन्य से पूछताछ करने के अलावा शुक्रवार और शनिवार को रिया के भाई से अलग से पूछताछ की थी। सुशांत मामले में जांच के लिए सीबीआई को सुप्रीम कोर्ट द्वारा मंजूरी मिलने के बाद संघीय एजेंसी की टीम पिछले गुरुवार को फॉरेंसिक टीम के साथ मुंबई पहुंची थी।
सीबीआई की टीम अब तक दो बार कूपर अस्पताल, सुशांत के बांद्रा स्थित फ्लैट और वाटरस्टोन रिसॉर्ट का दौरा कर चुकी है। टीम ने मामले से संबंधित मुंबई पुलिस से सभी दस्तावेज भी एकत्र किए हैं। सीबीआई ने बिहार सरकार के एक अनुरोध के आधार पर केंद्र सरकार के आदेश पर मामला दर्ज किया है।


Download Android App
Download iOS App



