भुवनेश्वर : भारतीय मौसम विभाग द्वारा ओडिशा में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताने के मद्देनजर ओडिशा सरकार ने शनिवार को राज्य के सभी 30 जिलों को सतर्क रहने को कहा है। विभाग ने संकेत दिया है कि बंगाल की खाड़ी और उसके आस-पास के क्षेत्रों में निम्न दाब का क्षेत्र बनेगा जिसकी वजह से अगले 48 घंटों में इसके दबाव में और तीव्रता आएगी।
भुवनेश्वर में विभाग के निदेशक एच आर विश्वास ने कहा, ‘‘ इसके प्रभाव की वजह से ओडिशा के जिलों में बारिश बढ़ सकती है।’’ उन्होंने बताया कि बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बनने की वजह से बंगाल की खाड़ी और निकट के पश्चिमी मध्य खाड़ी में 30 जून से दो जुलाई के बीच 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। जिला कलेक्टरों को इस संबंध में परामर्श जारी किया गया है।
इसमें विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) बी पी सेठी ने कहा कि कलाहांडी, कंधमाल, गजपति, गंजम, नवरंगपुर, मयूरभंज, मल्कानगिरि और बालासोर जिलों को खास तौर पर सतर्क रहने को गया है। मौसम विभाग ने मछुआरों को 30 जून से दो जुलाई के बीच समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।


Download Android App
Download iOS App



