अन्नाद्रमुक ने की मोदी सरकार के आर्थिक सुधारों की तारीफ

Summary :

अन्नाद्रमुक ने कहा कि केंद्र सरकार ने रेल, सड़क और बिजली क्षेत्रों में कई उपलब्धियां हासिल की है। लोगों पर कोई बड़ा आतंकवादी हमला नहीं हुआ।

तमिलनाडु में सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के आर्थिक सुधारों की तारीफ करते हुए शुक्रवार को कहा कि राजग ने आर्थिक स्थिरता की शुरुआत की। अपने सहयोगी दल की पीठ थपथपाते हुए अन्नाद्रमुक ने कहा कि केंद्र के आर्थिक सुधारों ने भारत को दक्षिण एशिया में एक ‘‘निर्णायक’’ देश बनाया। उसने नोटबंदी और 2017 में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू करने को लेकर अपने सहयोगी दल की तारीफ की।

इन दोनों कदमों की ही कांग्रेस, द्रमुक और तृणमूल कांग्रेस जैसे विपक्षी दल आलोचना करते हैं। अन्नाद्रमुक ने अपने मुखपत्र में एक आलेख में कहा कि जीएसटी कर सुधार ‘‘शुरुआत में कटु लग सकता है लेकिन बाद में आंवला के फल की तरह मीठा होगा।’’ उसने कहा कि कांग्रेस ने 50 साल से अधिक के शासनकाल में विश्व बैंक जैसी एजेंसियों से कर्ज लिया और देश को कर्ज में दबा दिया।

AIADMK

उसने दावा किया कि बीजेपी सरकार ने पिछले पांच साल में कोई कर्ज नहीं लिया। उसने कहा कि यह बीजेपी सरकार का ‘‘प्रभावी वित्तीय प्रशासन’’ का उदाहरण है। अन्नाद्रमुक ने कहा कि केंद्र सरकार ने रेल, सड़क और बिजली क्षेत्रों में कई उपलब्धियां हासिल की है। लोगों पर कोई बड़ा आतंकवादी हमला नहीं हुआ।

उसने कहा, ‘‘कांग्रेस का शासनकाल 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन और राष्ट्रमंडल खेल जैसे घोटालों के आरोपों से घिरा हुआ था।’’ अन्नाद्रमुक तमिलनाडु और पुडुचेरी में 18 अप्रैल को होने वाले लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नेतृत्व कर रही है। तमिलनाडु में 39 सीटों और पुडुचेरी में एक सीट पर एक चरण में मतदान होने हैं।

Desk Team