भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने सोमवार को अपने समर्थकों और पार्टी के सदस्यों के साथ पतंग उड़ाकर मकर संक्रांति का जश्न मनाया। मकर संक्रांति गुजरात का मुख्य पर्व है जिसे राज्य में उत्तरायण के नाम से भी जाना जाता है।
शाह ने वदाज क्षेत्र में एक घर की छत पर पतंग उड़ाई जबकि रुपाणी ने खादिया क्षेत्र में भाजपा के पूर्व विधायक भूषण भट्ट के घर की छत से पतंग उड़ाई। शाह के साथ भाजपा की गुजरात इकाई के अध्यक्ष जीतू वघानी, राज्य युवा इकाई के अध्यक्ष आर पटेल और पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
रूपाणी ने इस मौके पर पत्रकारों से कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के लिए हवा ”भाजपा के पक्ष” में बह रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के 11 करोड़ कार्यकर्ता लोकसभा चुनावों में भाजपा को एक बार फिर से जीत दिलायेंगे। रूपाणी ने कहा, ”सबसे ऊंची उड़ान भरने वाली पतंग भाजपा की है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी लोकसभा चुनावों में जीत दर्ज करके ”अबकी बार फिर से मोदी सरकार” के नारे को साकार करेगी।”
इसके बाद गुजरात के मुख्यमंत्री अपने परिवार के सदस्यों के साथ उत्सव मनाने के लिए अपने गृहनगर राजकोट गये। विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के नेताओं, विधायकों और सांसदों ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ पतंग उड़ाकर इस त्योहार का जश्न मनाया। पाटीदार अनामत आंदोलन समिति के संयोजक हार्दिक पटेल ने विधायक और दलित नेता जिग्नेश मेवाणी के साथ अहमदाबाद में पतंग उड़ाई।


Download Android App
Download iOS App



