कूचबिहार में बोले अमित शाह- दीदी ने उत्तर बंगाल के साथ हमेशा किया अन्याय, नंदीग्राम में उनकी हार तय

Summary :

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कल नंदीग्राम में तय हो गया है कि वहां दीदी चुनाव हार रही हैं। बाद में उनके सलाहकार गए कि दीदी कहां से लडोगी।उन्होंने कहा कि उत्तर बंगाल के अलावा कहीं से भी लड़ा दो, उत्तर बंगाल वाले मुझे नहीं जीताने वाले।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि ममता दीदी ने उत्तर बंगाल के साथ हमेशा अन्याय किया। उन्होंने कहा कि कल नंदीग्राम में तय हो गया है कि वहां दीदी चुनाव हार रही हैं। बाद में उनके सलाहकार गए कि दीदी कहां से लडोगी।उन्होंने कहा कि उत्तर बंगाल के अलावा कहीं से भी लड़ा दो, उत्तर बंगाल वाले मुझे नहीं जीताने वाले।
कूचबिहार जिले में सीतलकूची की रैली में अमित शाह ने कहा कि उत्तर बंगाल में जो राजनीतिक हिंसा हुई है, आप एक बार नरेन्द्र मोदी जी को मौका दो, उत्तर बंगाल से इस राजनीतिक हिंसा को भाजपा हमेशा के लिए समाप्त कर देगी। अमित शाह ने कहा कि भाजपा उत्तर बंगाल के विकास पर सालाना 2,000 करोड़ रुपये खर्च करेगी। अमित शाह ने भारत-बांग्लादेश सीमा के पास सीतलकूची में कहा कि बंगाल में सरकार बनाने के बाद, हम सीमा पार से होने वाली घुसपैठ को पूरी तरह रोक देंगे।
उन्होंने कहा कि ममता सरकार थ्री टी मॉडल पर चलती है – तोलाबाजी (उगाही), तानाशाही और तुष्टीकरण। जबकि मोदी जी  3 वी पर सरकार चलाते हैं- विकास, विश्वास और व्यापार। इन तीन वी के आधार पर हम बंगाल का विकास करेंगे। उन्होंने कहा की दीदी को उत्तर बंगाल की कोई चिंता नहीं है, उन्होंने न कनेक्टिविटी, न सड़क, न स्वास्थ्य पर ध्यान दिया और यहां पर तंबाकू का उत्पादन बहुत अच्छा होता है लेकिन तंबाकू का रेट किसानों को अच्छा मिले इसके लिए भी दीदी ने कुछ नहीं किया।
उन्होंने कहा कि दीदी के मन में आप लोगों की चिंता नहीं है बल्कि उनके मन में भतीजे की चिंता है। वो अपने भतीजे को मुख्यमंत्री बनाना चाहती हैं। दीदी भतीजा कल्याण में विश्वास करती हैं और मोदी जी उत्तर बंगाल के कल्याण में विश्वास करते हैं। टीएमसी सरकार इसे कभी नहीं रोकेगी, केवल हम इसे रोक सकते हैं। विशाल जनादेश के साथ राज्य में सत्ता में आने का भरोसा जताते हुए शाह ने कहा, “हम चुनाव के पहले दो चरणों (27 मार्च और एक अप्रैल को हुए चुनावों में) में जीत रहे हैं। ममता दीदी नंदीग्राम में हार रही हैं।”
कूचबिहार जिले की सीटों पर चौथे चरण में 10 अप्रैल को मतदान होगा। राज्य में आठ चरणों में चुनाव संपन्न होंगे। 294 सदस्यीय विधानसभा की सभी सीटों के परिणाम दो मई को घोषित किए जाएंगे। शाह ने भरोसा जताया कि नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी परास्त होंगी।
पूर्बी मेदिनीपुर जिले की इस सीट पर ममता का मुकाबला अपने पूर्व सहयोगी एवं भाजपा प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी से है। सीमा पार से होने वाली घुसपैठ को उत्तर बंगाल क्षेत्र के लिए सबसे बड़ी समस्या बताते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने वादा किया कि अगर राज्य में भाजपा सत्ता में आती है तो वह पड़ोसी बांग्लादेश से अवैध आव्रजन को पूरी तरह रोकेगी। 

TMC ने लगाया ट्विस्ट का तड़का, क्या 2024 में वाराणसी से चुनावी मैदान में उतरेंगी ममता?

Desk Team