केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज यानी बृहस्पतिवार को उत्तर त्रिपुरा और दक्षिण त्रिपुरा जिलों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दो रथ यात्राओं को हरी झंडी दिखाएंगे। भाजपा की त्रिपुरा इकाई के अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्जी ने बताया कि शाह पूर्वाह्न करीब 11 बजे अगरतला पहुंचेंगे और फिर पार्टी की पहली रथ यात्रा शुरू करने तथा एक जनसभा को संबोधित करने के लिए उत्तर त्रिपुरा के धर्मनगर रवाना होंगे।
रोड शो किए जाएंगे आयोजित
भट्टाचार्जी के मुताबिक, इसके बाद वह एक और रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाने तथा दूसरी जनसभा को संबोधित करने के लिए दक्षिण त्रिपुरा के सबरूम जाएंगे। शाह बृहस्पतिवार शाम त्रिपुरा से दिल्ली रवाना हो जाएंगे। भट्टाचार्जी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राज्य सरकार की उपलब्धियां बताने के मकसद से ‘जन विश्वास यात्रा’ सभी 60 निर्वाचन क्षेत्रों से गुजरते हुए 1,000 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। उन्होंने बताया कि यात्रा 12 जनवरी को समाप्त होगी और इसके तहत कुल 100 रैलियां और रोड शो आयोजित किए जाएंगे।
अगरतला में घने कोहरे और खराब दृश्यता
भट्टाचार्जी के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा अंतिम दिन यात्रा में शामिल होंगे। इससे पहले, अधिकारियों ने बताया था कि अगरतला में घने कोहरे और खराब दृश्यता के चलते शाह का विमान बुधवार रात को महाराजा बीर बिक्रम हवाई अड्डा पर नहीं उतर सका था। उन्होंने बताया था कि विमान गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा की तरफ मोड़ना पड़ा।


Download Android App
Download iOS App



