केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर बृहस्पतिवार को अपने गृह राज्य गुजरात पहुंचेंगे। इस दौरान वह शनिवार को जैविक खेती से संबंधित एक योजना की शुरुआत भी करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के मीडिया संयोजक यग्नेश दवे ने बताया कि शाह बृहस्पतिवार रात को अहमदाबाद पहुंच सकते हैं। उन्होंने बताया कि उनके इस दौरे के दौरान किसी प्रकार की कोई जनसभा नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि उत्तरायण के मौके पर शाह वैसे तो प्रत्येक वर्ष 14 जनवरी को अपने परिवार के सदस्यों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पतंग उड़ाते हैं और अन्य कार्यक्रमों में शिरकत करते हैं लेकिन इस बार वह शुक्रवार को इन कार्यक्रमों से दूर रहेंगे क्योंकि उनके एक निकट संबंधी की मृत्यु हुई है।
उन्होंने कहा, ‘‘शाह मुख्य रुप से शहर स्थित अपने आवास पर ही रहेंगे। 15 जनवरी को वह जैविक खेती से संबंधित एक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के आधिकारिक आवास पर निर्धारित है।’’ गांधीनगर से सांसद शाह अपने संसदीय क्षेत्र से संबंधित विकास परियोजनाओं और अन्य सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



